

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट


राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन शनिवार को जिला न्यायालय परिसर चम्पावत एवं बाह्य न्यायालय टनकपुर में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन अध्यक्ष एवं जिला जज अनुज कुमार संगल की अध्यक्षता तथा सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भवदीप रावते के निर्देशन में संपन्न हुआ।


राष्ट्रीय लोक अदालत में जिला बार संघ चम्पावत, तहसील बार संघ टनकपुर के अधिवक्ता, पैनल अधिवक्ता, विभिन्न बैंकों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में आम लोग शामिल हुए। लोक अदालत के माध्यम से आपसी सहमति और सुलह-समझौते के आधार पर मामलों का त्वरित निस्तारण किया गया।

प्रथम पीठ में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट चम्पावत द्वारा जिला न्यायालय में कुल 25 लंबित वादों का निस्तारण किया गया। इन मामलों में ₹2,12,66,242 की धनराशि का सेटलमेंट कराया गया।


वहीं द्वितीय पीठ में सिविल जज जूनियर डिवीजन टनकपुर न्यायालय द्वारा 24 लंबित वादों का निस्तारण करते हुए ₹5,04,400 की धनराशि का सेटलमेंट किया गया।
इस प्रकार राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से कुल 49 लंबित वादों का सफल निस्तारण हुआ और कुल ₹2,17,70,642 की धनराशि का सेटलमेंट संपन्न कराया गया।


इसके अतिरिक्त जनपद चम्पावत के विभिन्न न्यायालयों में प्री-लिटिगेशन स्तर पर भी मनी रिकवरी से जुड़े 25 मामलों का निस्तारण किया गया। इन मामलों में ₹25,47,470 की धनराशि का समझौता कराया गया।


राष्ट्रीय लोक अदालत और प्री-लिटिगेशन मामलों को मिलाकर जनपद में कुल 74 मामलों का निस्तारण हुआ तथा कुल ₹2,43,18,112 की धनराशि का सेटलमेंट किया गया।

इस अवसर पर न्यायिक अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत आम लोगों को सस्ता, सुलभ और त्वरित न्याय उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम है। इसके जरिए पक्षकार आपसी सहमति से विवादों का समाधान कर समय और धन दोनों की बचत कर सकते हैं।

