हरकी पैड़ी का वीडियो वायरल, पत्नी की तस्वीर के साथ कथित धार्मिक क्रिया पर विवाद

हरकी पैड़ी का वीडियो वायरल, पत्नी की तस्वीर के साथ कथित धार्मिक क्रिया पर विवाद

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

हर की पौड़ी से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने धार्मिक और सामाजिक स्तर पर विवाद खड़ा कर दिया है। वायरल वीडियो में एक युवक गंगा घाट पर पत्नी की माला चढ़ी तस्वीर के सामने कथित तौर पर थूकता दिखाई दे रहा है और बाद में फोटो को गंगा में बहाता नजर आ रहा है।

वीडियो में युवक पिंडदान जैसी धार्मिक क्रिया करता भी दिखाई दे रहा है। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि युवक अपनी पत्नी की लगातार रील बनाने की आदत से नाराज था और इसी वजह से उसने जिंदा पत्नी का प्रतीकात्मक पिंडदान किया। हालांकि इन दावों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

वीडियो सामने आने के बाद संत समाज, तीर्थ पुरोहितों और हिंदूवादी संगठनों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। कई लोगों ने इसे धार्मिक परंपराओं और हरकी पैड़ी की मर्यादा का अपमान बताया है।

धार्मिक संगठनों ने प्रशासन और पुलिस से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि आस्था के केंद्र पर इस प्रकार की गतिविधियां धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली हैं।

हरिद्वार पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। साथ ही वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले के सभी पहलुओं की जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों की गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जाने चाहिए।

वहीं प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने तक अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी साझा करने से बचें।