बाजपुर पुलिस ने बाइक चोर को दबोचा, चोरी की चार मोटरसाइकिल बरामद

बाजपुर पुलिस ने बाइक चोर को दबोचा, चोरी की चार मोटरसाइकिल बरामद

लोकेशन : बाज़पुर
रिपोर्टर : विशेष शर्मा

बाजपुर कोतवाली पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में वाहन चोरों में हड़कंप मच गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधमसिंह नगर के निर्देश पर कोतवाली बाजपुर क्षेत्र में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं के शीघ्र खुलासे के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अपराध, पुलिस अधीक्षक काशीपुर तथा क्षेत्राधिकारी बाजपुर के निर्देशन में थाना स्तर पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई।

गठित टीम ने क्षेत्र में लगातार सुरागरसी और पतारसी करते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान 8 मई 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति ने रतनपुरा स्थित टूटे खंडहर में चोरी की मोटरसाइकिलें छिपा रखी हैं और उन्हें बेचने की फिराक में वहीं मौजूद है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और आरोपी भूपेन्द्र सैनी पुत्र लेखराज सिंह सैनी निवासी ढकिया गुलाबो थाना काशीपुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की उम्र 24 वर्ष बताई गई है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कोतवाली बाजपुर क्षेत्र से चोरी की गई चार मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इनमें हीरो डीलैक्स और स्प्लेंडर प्लस सहित विभिन्न बाइक शामिल हैं। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। भूपेंद्र सैनी के विरुद्ध कोतवाली काशीपुर में आर्म्स एक्ट से जुड़े तीन मुकदमे पंजीकृत बताए गए हैं।

इस कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक विक्रम सिंह धामी, उपनिरीक्षक मनीष खत्री, उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट, कांस्टेबल कैलाश काला, जरनैल सिंह, नीरज कुमार, नवल किशोर और अमित जोशी शामिल रहे।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और चोरी व आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।