मसूरी में भीषण सड़क हादसा: खाई में गिरा ट्रक, चालक की मौत

मसूरी में भीषण सड़क हादसा: खाई में गिरा ट्रक, चालक की मौत

स्थान : मसूरी
ब्यूरो रिपोर्ट

मसूरी क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे से हड़कंप मच गया। सुबह एक ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोग और पुलिस टीम तुरंत राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई।

बताया जा रहा है कि ट्रक में तेल, कोल्ड ड्रिंक और राशन सामग्री लदी हुई थी, जिसे उत्तरकाशी पहुंचाया जाना था। खाई में गिरते ही ट्रक के परखच्चे उड़ गए।

घायल युवक को कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू कर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने मृतक चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।

प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

घटना के बाद क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पहाड़ी मार्गों पर सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।