

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट

चंपावत के मंच-तामली सड़क मार्ग पर मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भमार के पास एक कार अनियंत्रित होकर करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।


घटना की सूचना मिलते ही तामली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष कैलाश चंद्र जोशी के नेतृत्व में पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायल चालक को गहरी खाई से बाहर निकाला और तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मंच पहुंचाया।

हादसे में घायल चालक की पहचान बसंत सिंह पुत्र पूरन सिंह के रूप में हुई। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला चिकित्सालय चंपावत रेफर किया गया।


हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही चालक ने रास्ते में दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस के अनुसार, वाहन भमार से मंच की ओर जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि चालक कार को बैक कर रहा था, इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वाहन खाई में जा गिरा।


पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।


स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।


