

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

“ऑपरेशन प्रहार 2026” के तहत हरिद्वार पुलिस ने जिलेभर में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। इस दौरान कुल 72 लोगों के चालान काटे गए और उन्हें कड़ी चेतावनी दी गई।


पुलिस द्वारा चलाए गए इस अभियान के तहत कोतवाली झबरेड़ा में 26, रुड़की क्षेत्र में 21, लक्सर में 13 और थाना बहादराबाद क्षेत्र में 12 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। सभी पर सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर शांति भंग करने का आरोप था।

यह अभियान ढाबों, होटलों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष रूप से चलाया गया, जहां शराब पीकर उत्पात मचाने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। पुलिस टीमों ने मौके पर पहुंचकर कई लोगों को रंगे हाथों पकड़ लिया।


पुलिस के अनुसार, कुछ असामाजिक तत्व शराब के नशे में महिलाओं पर फब्तियां कसते हुए भी पाए गए, जिससे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा था। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखना है।


पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।



अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि खुले में शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ भविष्य में और सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि आम जनता को सुरक्षित माहौल मिल सके।


