

स्थान – खटीमा/ऊधम सिंह नगर
रिपोर्टर – अशोक सरकार

उत्तराखंड के खटीमा क्षेत्र के बरी अंजनिया गांव में ‘बालगीत दिवस’ के अवसर पर बच्चों के बीच उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम का आयोजन बालगीत के संस्थापक रावेंद्र कुमार (रवि) के निर्देशानुसार किया गया, जिसे उत्तरांचल जीवन ज्योति ट्रस्ट द्वारा हर्षोल्लास के साथ संपन्न कराया गया।


इस विशेष आयोजन में बड़ी संख्या में स्थानीय बच्चों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत बालगीतों से हुई, जिसमें नन्हे-मुन्ने बच्चों ने शानदार प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।


ट्रस्ट की ओर से बच्चों के उत्साहवर्धन के लिए सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले सभी बच्चों को प्रमाण पत्र और आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया, जिससे उनका मनोबल बढ़ा।


ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों में छिपी प्रतिभा को मंच देना और उन्हें शिक्षा के प्रति जागरूक करना है। ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे कार्यक्रम बेहद जरूरी हैं।
ट्रस्ट के अध्यक्ष ईश्वर सिंह ने कहा कि उनका प्रयास है कि गांवों के बच्चों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिले। उन्होंने बच्चों के उत्साह की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने की बात कही।


कार्यक्रम में आर डी पब्लिक स्कूल की शिक्षिका निशा कुशवाहा ने अपने विद्यालय के बच्चों को प्रतिभाग कराया। वहीं बरी अंजनिया के ग्राम प्रधान प्रेम प्रकाश पासी ने ट्रस्ट के प्रयासों की सराहना करते हुए बच्चों का उत्साह बढ़ाया।


निर्णायक मंडल में शामिल वंदना सिंह तोमर ने कहा कि बच्चों की कला और प्रतिभा देखकर बेहद खुशी हुई। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बालक-बालिकाओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम में आदर्श ज्ञान निकेतन स्कूल के प्रधानाचार्य मोती लाल ने बच्चों की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन उनके आत्मविश्वास को नई दिशा देते हैं। अंत में सभी अभिभावकों, बच्चों और अतिथियों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई।

