

स्थान : नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड के नैनीताल जनपद में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है।


इसी क्रम में चोरगलिया थाना पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

यह अभियान पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में चलाया गया। वहीं, थाना चोरगलिया प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अशोक कुमार (32 वर्ष) पुत्र महेंद्र पाल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बरेली का निवासी है और वर्तमान में ऊधम सिंह नगर जिले में रह रहा था।
पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से कुल 105 पाउच अवैध कच्ची शराब बरामद की है। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

अभियुक्त के खिलाफ थाना चोरगलिया में एफआईआर संख्या 19/25 दर्ज की गई है। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60(1) के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


इस कार्रवाई में पुलिस टीम के सदस्य हेड कांस्टेबल जगदीश सिंह, कांस्टेबल जितेंद्र सिंह और कांस्टेबल मुस्तफा शामिल रहे, जिन्होंने अभियान को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।

पुलिस का कहना है कि जनपद में अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

