कांग्रेस को बड़ा झटका, कई दिग्गज नेताओं ने थामा भाजपा का दामन

कांग्रेस को बड़ा झटका, कई दिग्गज नेताओं ने थामा भाजपा का दामन

ब्यूरो रिपोर्ट

देहरादून में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। दोनों प्रमुख दल भारतीय जनता पार्टी और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस लगातार अपने संगठन का विस्तार कर रहे हैं और सदस्यता अभियान चला रहे हैं।

इसी क्रम में शनिवार देहरादून में भाजपा की ओर से बड़ा सदस्यता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कांग्रेस सहित कई दलों के वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा का दामन थाम लिया। इस मौके पर सैकड़ों कार्यकर्ता भी पार्टी में शामिल हुए, जिससे राजनीतिक माहौल और गर्मा गया।

भाजपा में शामिल होने वालों में घनसाली के पूर्व निर्दलीय प्रत्याशी दर्शन लाल आर्य शामिल रहे, जिन्होंने अपने दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी की सदस्यता ली। इसके अलावा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अनिल शर्मा, रुद्रपुर से कांग्रेस अध्यक्ष संजीव रस्तोगी और वरिष्ठ उपाध्यक्ष पूनम गुप्ता भी भाजपा में शामिल हुए।

कार्यक्रम में महिलाओं की भी बड़ी भागीदारी देखने को मिली। रुद्रपुर नगर पालिका अध्यक्ष मीना शर्मा और रुद्रप्रयाग की पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष तथा 2022 की पूर्व विधानसभा प्रत्याशी लक्ष्मी राणा ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

सभी नेताओं को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की मौजूदगी में पार्टी में शामिल कराया गया। इस दौरान उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर और पार्टी पटका ओढ़ाकर स्वागत किया गया।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी का सदस्यता अभियान तेजी से चल रहा है और बड़ी संख्या में लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान सरकार के कार्यों को जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने आगे दावा किया कि भाजपा आने वाले विधानसभा चुनाव 2027 के लिए पूरी तरह तैयार है और राज्य में एक बार फिर मजबूत बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष इस बार भी जनता का विश्वास जीतने में विफल रहेगा।

राजनीतिक जानकारों के अनुसार इस बड़े पैमाने पर हुए दलबदल से उत्तराखंड की चुनावी राजनीति में नए समीकरण बनते दिखाई दे रहे हैं।