लालकुआं में दर्दनाक हादसा: जंगली हाथी ने दो लोगों को कुचला, मौके पर मौत

लालकुआं में दर्दनाक हादसा: जंगली हाथी ने दो लोगों को कुचला, मौके पर मौत

स्थान : लालकुआँ
रिपोर्टर : मुन्ना अंसारी

लालकुआं क्षेत्र के आसपास मानव–वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। बीते दिनों भालू के हमले में एक व्यक्ति की मौत के बाद अब एक और दर्दनाक घटना सामने आई है, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।

तराई केंद्रीय वन प्रभाग के अंतर्गत टांडा रेंज के शाह पठानी खत्ते क्षेत्र में एक जंगली हाथी ने दो लोगों को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। मौके पर तहसीलदार, डीएफओ, एसडीओ, रेंजर और पुलिस इंस्पेक्टर सहित कई अधिकारी स्थिति का जायजा लेने पहुंचे।

मृतकों में एक की पहचान 75 वर्षीय बांधो प्रजापति के रूप में हुई है, जो मूल रूप से झारखंड के रहने वाले थे और क्षेत्र में खेतों की चौकीदारी का काम करते थे। दूसरे व्यक्ति की पहचान अभी नहीं हो सकी है, हालांकि बताया जा रहा है कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ था।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घटना के बाद आसपास के क्षेत्रों में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।

वन विभाग ने मामले में मुआवजे की प्रक्रिया शुरू कर दी है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही क्षेत्र में वन्यजीवों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि हाथियों के मूवमेंट पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।