

स्थान : लंढौरा
ब्यूरो रिपोर्ट

लंढौरा क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक अभियान चलाया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट के नेतृत्व में तहसील और नगर पंचायत की टीम ने रुड़की-लक्सर मार्ग पर कार्रवाई की।


अभियान के दौरान जेसीबी मशीन की मदद से दुकानों के बाहर लगाए गए टीन शेड और बनाए गए चबूतरों को हटाया गया। साथ ही अस्थायी रूप से लगाए गए फल और सब्जी विक्रेताओं के ठिए भी तोड़े गए।


प्रशासन द्वारा हटाए गए अतिक्रमण को जब्त कर नगर पंचायत के सुपुर्द कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मच गया।


ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने बताया कि आगामी यात्रा सीजन को देखते हुए मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। रुड़की, लंढौरा और मंगलौर में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिसे नियंत्रित करना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि यह अभियान एक सप्ताह तक लगातार जारी रहेगा और किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोबारा अतिक्रमण करते पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

अभियान के दौरान कई दुकानदार अपना सामान समेटकर मौके से चले गए, जबकि कुछ ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। प्रशासन की सख्ती के चलते पूरे क्षेत्र में हलचल बनी रही।


इस कार्रवाई के तहत 40 दुकानदारों के खिलाफ चालान भी किए गए, जिनसे कुल 68 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। अभियान में तहसील और नगर पंचायत अधिकारियों के साथ पुलिस बल भी मौजूद रहा, जिससे कार्रवाई सुचारू रूप से संपन्न हो सकी।


