

स्थान : मसूरी
ब्यूरो रिपोर्ट

मसूरी में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उपेंद्र थापली ने प्रेस वार्ता आयोजित कर मसूरी-देहरादून मार्ग पर बन रहे नए वैली ब्रिज की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के उस दावे पर आपत्ति जताई जिसमें पुल को पूरी तरह सुरक्षित बताया गया है।


उपेंद्र थापली ने कहा कि यदि पुल पूरी तरह सुरक्षित है तो बड़े वाहनों की आवाजाही उस पर क्यों बंद की गई है। उन्होंने बताया कि पुल पर अभी भी मरम्मत कार्य जारी है और वहां से मिट्टी का रिसाव भी हो रहा है, जो किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका को बढ़ाता है।


उन्होंने आरोप लगाया कि करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस पुल के निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उनके अनुसार, इस तरह की लापरवाही से आम जनता की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।


प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने मसूरी विधानसभा क्षेत्र की सड़कों की खराब स्थिति का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कई सड़कें क्षतिग्रस्त हैं और लंबे समय से उनका पुनर्निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।

उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस शासनकाल में इन सड़कों के सुधार के प्रयास किए गए थे, लेकिन वर्तमान में विकास कार्यों की गति धीमी दिखाई दे रही है।

उपेंद्र थापली ने पार्किंग समस्या पर भी चिंता जताई और बताया कि उच्च न्यायालय ने मसूरी में अवैध पार्किंग को लेकर कड़ी टिप्पणी की है। न्यायालय ने 8 सप्ताह के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।


अंत में उन्होंने नगर पालिका परिषद मसूरी से मांग की कि नए पार्किंग स्थल चिन्हित किए जाएं, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।


