

स्थान : हरिद्वार
ब्यरो रिपोर्ट

हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र में हुए राजवीर हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। मामले में सामने आया है कि हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग और पारिवारिक विरोध मुख्य कारण था।


पुलिस जांच के अनुसार, मुख्य आरोपी पंकज का मृतक राजवीर की शादीशुदा बेटी से प्रेम संबंध था। आरोपी की मंशा थी कि वह युवती का तलाक कराकर उससे शादी करे, लेकिन पिता राजवीर इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे। इसी विरोध को लेकर आरोपी ने हत्या की साजिश रची।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने पहले मृतक से दोस्ती बढ़ाई और विश्वास हासिल किया। इसके बाद शराब पिलाने के बहाने उसे खेत में ले जाया गया, जहां हथौड़े से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने डिजिटल साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी जांच के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया हथौड़ा, बाइक, मृतक का मोबाइल फोन, पर्स और अन्य सामान भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार यह मामला एक ब्लाइंड मर्डर केस था, जिसे बेहद योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी सिडकुल की अलग-अलग कंपनियों में कार्यरत थे और मृतक से पहले से परिचित थे।



पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के खुलासे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोग भी इस जघन्य वारदात से स्तब्ध हैं।

