हरिद्वार: कांगड़ी गांव में बोरवेल हादसे में मजदूर की मौत, 10 घंटे बाद शव बरामद

हरिद्वार: कांगड़ी गांव में बोरवेल हादसे में मजदूर की मौत, 10 घंटे बाद शव बरामद

स्थान – हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

हरिद्वार के कांगड़ी गांव में शुक्रवार को हुए दर्दनाक हादसे में बोरवेल के गड्ढे में फंसे मजदूर का शव करीब 10 घंटे के लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बाहर निकाला गया। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, मृतक मजदूर की पहचान मनोहर के रूप में हुई है, जो एक निर्माणाधीन मकान में नल बोरिंग का काम कर रहा था। यह हादसा शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे उस समय हुआ जब काम के दौरान वह अचानक गहरे गड्ढे में जा गिरा और मिट्टी के नीचे दब गया।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना प्रशासन को दी, जिसके बाद पुलिस, प्रशासन और राहत बचाव दल मौके पर पहुंच गए। इसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, जो लगातार करीब 10 घंटे तक चला।

रेस्क्यू के दौरान राहत टीमों को भारी मशक्कत का सामना करना पड़ा। गड्ढे की गहराई और मिट्टी धंसने के कारण बचाव कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण बना रहा, लेकिन टीमों ने लगातार प्रयास जारी रखा।

कड़ी मेहनत के बाद आखिरकार मजदूर मनोहर का शव गड्ढे से बाहर निकाला गया और तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

स्थानीय प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रारंभिक तौर पर यह मामला निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी से जुड़ा बताया जा रहा है।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हुए हैं और यह पता लगाया जा रहा है कि हादसे के लिए कौन जिम्मेदार है।