चमोली: थराली आपदा प्रभावित क्षेत्रों का पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने किया दौरा, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

चमोली: थराली आपदा प्रभावित क्षेत्रों का पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने किया दौरा, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

स्थान : थराली /चमोली
ब्यरो रिपोर्ट

चमोली जिले के आपदा प्रभावित थराली क्षेत्र का शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने दौरा किया। इस दौरान उन्होंने चेपड़ो सहित कई प्रभावित गांवों का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।

थराली मुख्य बाजार से जनसंपर्क करते हुए हरीश रावत आपदा प्रभावित चेपड़ो गांव पहुंचे, जहां उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उनके हालात की जानकारी ली। लोगों ने उन्हें अपनी समस्याएं और नुकसान के बारे में विस्तार से बताया।

दौरे के दौरान हरीश रावत ने राज्य सरकार की आपदा प्रबंधन नीति पर सवाल उठाए और मुआवजे की प्रक्रिया को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित लोगों के साथ न्याय नहीं हो रहा है और मुआवजे के नाम पर केवल औपचारिकता निभाई जा रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि थराली बाजार क्षेत्र गंभीर रूप से आपदा की चपेट में है। उन्होंने पिंडर नदी के किनारे लगातार हो रहे कटाव को लेकर भी चिंता जताई और इसे भविष्य के बड़े खतरे का संकेत बताया।

रावत ने यह भी कहा कि क्षेत्र में भू-धंसाव की समस्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन अब तक बाढ़ सुरक्षा या स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कार्य धरातल पर दिखाई नहीं दे रहे हैं।

उन्होंने अपनी सरकार के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2014 की आपदा के दौरान प्रभावितों को 5 लाख रुपये की सहायता दी गई थी, साथ ही मुख्यमंत्री राहत कोष से अतिरिक्त 2 लाख रुपये और केंद्र सरकार से भी सहायता उपलब्ध कराई गई थी।

इसके विपरीत उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार केवल सीमित मुआवजा देकर आपदा पीड़ितों की अनदेखी कर रही है, जिससे लोगों में असंतोष बढ़ रहा है।

इस पूरे दौरे के दौरान स्थानीय लोगों ने भी अपनी समस्याएं सामने रखीं और जल्द से जल्द स्थायी समाधान व पर्याप्त राहत की मांग की।