उधम सिंह नगर में रेलवे भूमि से अवैध मजार हटाई गई, प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई

उधम सिंह नगर में रेलवे भूमि से अवैध मजार हटाई गई, प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई

स्थान – ऊधम सिंह नगर
ब्यूरो रिपोर्ट

उधम सिंह नगर के किच्छा-पंतनगर हाईवे स्थित एम्स के पास रेलवे भूमि पर बनी एक अवैध मजार को जिला प्रशासन और रेलवे की संयुक्त टीम ने ध्वस्त कर हटा दिया। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हलचल मच गई।

प्रशासन के अनुसार, उक्त मजार “बेनी मजार” के नाम से जानी जाती थी और यह रेलवे की सरकारी भूमि पर अवैध रूप से निर्मित थी। इसे हटाने के लिए पहले ही संबंधित प्रबंधकों को नोटिस जारी किए गए थे।

इज्जतनगर रेलवे प्रशासन द्वारा 26 मई 2023 और 18 सितंबर 2025 को नोटिस जारी कर मजार प्रबंधन से भूमि संबंधी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया था। साथ ही अवैध निर्माण को स्वयं हटाने के निर्देश भी दिए गए थे।

हालांकि निर्धारित समयसीमा के भीतर न तो कोई दस्तावेज प्रस्तुत किए गए और न ही मजार को हटाया गया। इसके बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई का निर्णय लिया।

बताया जा रहा है कि आज तड़के जिला प्रशासन और रेलवे की टीम मौके पर पहुंची और पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध संरचना को ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि हटाई गई संरचना के नीचे किसी भी प्रकार के अवशेष या धार्मिक महत्व की वस्तुएं नहीं मिली हैं। इससे संबंधित किसी भी तरह की अफवाहों से बचने की अपील भी की गई है।

अधिकारियों का कहना है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

इस कार्रवाई को लेकर प्रशासन सतर्क है और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।