

स्थान – हरिद्वार
रिपोर्ट – ब्यरो रिपोर्ट

रिद्वार में बढ़ती गर्मी और हीटवेव के प्रभाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूलों के समय में बदलाव के आदेश जारी किए हैं।


जारी निर्देशों के अनुसार 27 अप्रैल से 26 मई तक सभी स्कूलों का संचालन नए समय के अनुसार किया जाएगा। यह निर्णय खासतौर पर भीषण गर्मी से छात्रों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से लिया गया है।

नई व्यवस्था के तहत प्री-प्राइमरी से कक्षा 5 तक की कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक संचालित होंगी। वहीं कक्षा 6 से 12 तक के छात्रों के लिए समय सुबह 7:30 बजे से 12:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।


जिलाधिकारी ने सभी स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि छात्रों के लिए पर्याप्त स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही “वॉटर बेल” लागू करने और ओआरएस उपलब्ध रखने के भी आदेश दिए गए हैं।
स्कूल प्रशासन को कक्षाओं में उचित वेंटिलेशन बनाए रखने के साथ-साथ प्राथमिक उपचार के लिए जरूरी दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

तेज धूप को देखते हुए स्कूलों में खेल-कूद और अन्य बाहरी गतिविधियों पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी गई है, ताकि छात्र हीटवेव के खतरे से बचे रहें।

इसके अलावा छात्रों को हीटवेव से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक करने के भी निर्देश दिए गए हैं, जिससे वे गर्मी के दौरान खुद को सुरक्षित रख सकें।

यह आदेश जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी स्कूलों पर समान रूप से लागू होगा और इसका पालन करना अनिवार्य होगा।
मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) को इन व्यवस्थाओं की निगरानी और सुनिश्चित कराने के सख्त निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।

