वार्षिक जिला योजना बैठक में 5961 लाख रुपये का परिव्यय अनुमोदित

वार्षिक जिला योजना बैठक में 5961 लाख रुपये का परिव्यय अनुमोदित

स्थान : बागेश्वर
ब्यूरो रिपोर्ट

बागेश्वर। मा० मंत्री शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन तथा जलागम प्रबंधन एवं जनपद प्रभारी मंत्री श्री राम सिंह कैड़ा की अध्यक्षता में शुक्रवार को विकास भवन सभागार में वार्षिक जिला योजना की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए जनपद की विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में विभागवार प्रस्तावों की समीक्षा के बाद कुल 5961.00 लाख रुपये का परिव्यय निर्धारित करते हुए जिला योजना को औपचारिक रूप से अनुमोदित किया गया। विभिन्न विभागों ने अपने-अपने प्रस्तावों एवं कार्ययोजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

कार्यक्रम की शुरुआत में जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने प्रभारी मंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद सभी विभागीय अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में प्रस्तावित विकास कार्यों और बजट उपयोग की रूपरेखा प्रस्तुत की।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री राम सिंह कैड़ा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए योजनाओं का चयन किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जानी चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि सभी परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूर्ण किया जाए ताकि योजनाओं का लाभ आम जनता तक शीघ्र पहुंच सके। मंत्री ने समन्वित प्रयासों को जनपद के विकास की कुंजी बताया।

बैठक से पूर्व प्रभारी मंत्री ने स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया और महिला समूहों से संवाद कर उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

इस अवसर पर बागेश्वर विधायक पार्वती दास, कपकोट विधायक सुरेश गाड़िया, दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट, भूपेश उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या सहित कई जनप्रतिनिधि और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।