
स्थान : किच्छा (उधम सिंह नगर)
ब्यूरो रिपोर्ट

उधम सिंह नगर के किच्छा में 51 निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह कार्यक्रम संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम अमर ज्योति सेवा संस्था के तत्वाधान में आयोजित किया गया। दूल्हे के रूप में सजे 51 युवाओं की घोड़ा बग्गी पर विशाल बारात मुख्य मार्गों से होती हुई कार्यक्रम स्थल तक पहुंची और दर्शकों का मुख्य आकर्षण बनी।


ढोल नगाड़ों और बैंड बाजों के साथ बारात ने पूरे नगर का माहौल रंगीन और उत्सवपूर्ण बना दिया। किच्छा के मुख्य मार्गों से गुजरती बारात नई अनाज मंडी पहुंची, जहां कन्या पक्ष के लोगों ने दूल्हों का जोरदार स्वागत किया।


कार्यक्रम स्थल पर आर्य समाज के वरिष्ठ पंडित पुरोहितों ने विधिवत हवन यज्ञ कर सामूहिक विवाह संपन्न कराया। संस्था के संयोजक श्रीकांत राठौर ने बताया कि पिछले वर्ष भी 51 निर्धन कन्याओं का इसी प्रकार सामूहिक विवाह सम्पन्न कराया गया था।


विवाह संपन्न होने के बाद देर शाम नव-विवाहित जोड़ों को विदाई दी गई। इस अवसर पर संस्था ने सभी दूल्हा-दुल्हनों को रोजमर्रा की उपयोगी वस्तुएं उपहार स्वरूप भेंट की। इस आयोजन में वर-वधु पक्ष के सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में पहुंचे वरिष्ठ साधु-संतों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उनके सुखी वैवाहिक जीवन की कामना की। इस अवसर पर वातावरण प्रेम और सौहार्द से भरा रहा।

समाजसेवी श्रीकांत राठौर ने कहा कि यह आयोजन जनसंहयोग से सफल हुआ। संस्था भविष्य में भी इसी प्रकार निर्धन कन्याओं का विवाह कराने का प्रयास करेगी ताकि समाज में खुशियों और समान अवसरों का संदेश फैल सके।


