
स्थान : रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट

रुड़की के पूर्व मेयर गौरव गोयल ने आज अपने कैंप कार्यालय पर मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि उन्होंने कांग्रेस पार्टी में शामिल होकर राजनीतिक यात्रा को नई दिशा दी है। गौरव गोयल ने सबसे पहले रुड़की नगर की जनता को नमन किया और कहा कि पिछले तीन दशकों से वे समाज सेवा में सक्रिय हैं और भविष्य में भी सेवा कार्यों में निरंतर सक्रिय रहेंगे।


गौरव गोयल ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य रुड़की नगर का चौमुखी विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी के साथ मिलकर वे शहर के हर क्षेत्र में विकास कार्य कराना चाहते हैं और इसे अपनी प्राथमिकता मानते हैं।


उन्होंने आगे कहा कि जिसको भी कांग्रेस पार्टी चुनाव में टिकट देगी, उसके लिए वे तन, मन और धन से पूरी ताकत के साथ काम करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सारी राजनीतिक तैयारियां उस व्यक्ति के काम आएंगी और इस बार कांग्रेस का विधायक यहां से निश्चित रूप से जीते।

पूर्व मेयर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पिछले 15 वर्षों से चल रहे “ग्रीन सिटी, क्लीन सिटी, स्मार्ट सिटी” जैसे नारे केवल दिखावटी रहे हैं। उनका कहना था कि अब जनता को धरातल पर काम करके ही दिखाना होगा और केवल नारेबाजी नहीं करनी चाहिए।
गौरव गोयल ने पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं से अपील की कि वे जनता के मुद्दों को समझें और मिलकर रुड़की के वास्तविक विकास के लिए योजना बनाएं। उनका मानना है कि जनता की भलाई और शहर का सुधार ही राजनीतिक सफलता का असली आधार है।

कार्यक्रम में कई स्थानीय कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। गौरव गोयल के कांग्रेस जॉइन करने के बाद पार्टी में नई ऊर्जा और उत्साह देखने को मिला। उन्होंने सभी को भरोसा दिलाया कि रुड़की में जनता को वास्तविक विकास और बेहतर प्रशासन मिलेगा।


