
स्थान : अल्मोड़ा
रिपोर्टर : संजय जोशी

नीति आयोग के उपाध्यक्ष सुमन के बेरी आज अल्मोड़ा के भ्रमण पर आए। इस अवसर पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने उनका कसार देवी स्थित होटल में शिष्टाचार भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने उपाध्यक्ष को जनपद की भौगोलिक, सामाजिक और आर्थिक स्थिति सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी।


भेंट के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, स्वच्छता, ग्राम्य विकास, रोजगार सृजन और तकनीकी विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित विकासात्मक योजनाओं, उपलब्धियों और चुनौतियों के बारे में भी जानकारी साझा की।


उपाध्यक्ष सुमन के बेरी ने अल्मोड़ा के प्राकृतिक सौंदर्य और स्वच्छ वातावरण की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि पहाड़ी जनपदों में विकास के लिए स्थानीय संसाधनों और पर्यावरण के संतुलन को बनाए रखना अत्यंत महत्वपूर्ण है।


जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने इस अवसर पर नीति आयोग के उपाध्यक्ष को स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हिमाद्रि हैंडलूम से निर्मित शॉल और अन्य पहाड़ी उत्पाद भेंट किए। इस उपहार को देखकर उपाध्यक्ष ने पहाड़ी हस्तशिल्प और सांस्कृतिक उत्पादों की प्रशंसा की।
भेंट में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप धौलाखंडी सहित अन्य अधिकारी और संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने नीति आयोग के उपाध्यक्ष को जनपद के विकास कार्यों और परियोजनाओं की जानकारी दी।

जिलाधिकारी ने कहा कि अल्मोड़ा जनपद में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में कई नई पहल की गई हैं, और इन योजनाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए नीति आयोग के मार्गदर्शन की आवश्यकता है।

इस भेंटवार्ता के दौरान उपाध्यक्ष ने अधिकारियों के साथ विकास कार्यों और पहाड़ी क्षेत्रों में रोजगार सृजन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि नीति आयोग अल्मोड़ा के विकास में सहयोग प्रदान करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करेगा।

