रानी पोखरी में NLU स्थापना को लेकर आंदोलन जारी, 37वें दिन भी प्रदर्शन

रानी पोखरी में NLU स्थापना को लेकर आंदोलन जारी, 37वें दिन भी प्रदर्शन

लोकेशन – डोईवाला
ब्यरो रिपोर्ट

रानी पोखरी क्षेत्र के भट्ट नगरी/लिस्ट्राबाद में नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (NLU) की स्थापना की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन मंगलवार को 37वें दिन भी जारी रहा। स्थानीय लोग लगातार प्रदर्शन कर अपनी मांग पर अडिग बने हुए हैं।

आंदोलनकारियों का कहना है कि सरकार जल्द इस मुद्दे पर सकारात्मक निर्णय ले, ताकि क्षेत्र के विकास को गति मिल सके। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं।

इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरक सिंह रावत और शूरवीर सिंह सजवान आंदोलन स्थल पर पहुंचे और आंदोलनकारियों को अपना समर्थन दिया।

नेताओं ने कहा कि रानी पोखरी क्षेत्र में NLU की स्थापना युवाओं के भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इससे उच्च शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र में विकास के नए रास्ते खुलेंगे।

आंदोलन में परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल, अश्वनी बहुगुणा, करतार नेगी, महेंद्र भट्ट, अनूप कुमार, सुधीर रतूड़ी और ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यदि यहां नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी स्थापित होती है, तो इससे स्थानीय युवाओं को बेहतर शिक्षा के अवसर मिलेंगे और रोजगार के नए साधन भी विकसित होंगे।

आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा और वे अपने हक के लिए संघर्ष करते रहेंगे।