मसूरी में शहीदी दिवस पर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि

मसूरी में शहीदी दिवस पर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि

लोकेशन – मसूरी
ब्यरो रिपोर्ट

मसूरी में शहीदी दिवस के अवसर पर देशभक्ति और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला। भारतीय जन नाट्य संघ (इप्टा) द्वारा आयोजित कार्यक्रम में अमर शहीदों भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

मसूरी के शहीद भगत सिंह चौक पर आयोजित इस कार्यक्रम में इप्टा के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। सभी ने शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके अद्वितीय बलिदान को नमन किया।

कार्यक्रम के दौरान पूरा वातावरण देशभक्ति गीतों और नारों से गूंज उठा। इप्टा के सदस्यों ने गीतों और नारों के माध्यम से माहौल को प्रेरणादायक बना दिया, जिससे उपस्थित लोगों में उत्साह और गर्व का भाव देखने को मिला।

वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि शहीदों की गाथाएं आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि इन महान क्रांतिकारियों के विचारों और आदर्शों को सदैव जीवित रखना समाज की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में कांग्रेस नेता सोनिया आनंद रावत ने कहा कि भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु का बलिदान भारत के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शहीदों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं।

सभासद अमित भट्ट ने कहा कि शहीदी दिवस हमें देशभक्ति, साहस और त्याग की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि शहीदों की सोच आज भी उतनी ही प्रासंगिक है जितनी स्वतंत्रता संग्राम के समय थी।

कार्यक्रम के अंत में मनमोहन सिंह मल्ल ने कहा कि समाज को एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए, यही शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। सभी ने शहीदों के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।