
लोकेशन – चंपावत
ब्यरो रिपोर्ट

चंपावत जिले में लगातार बढ़ रही गैस की किल्लत और महंगाई को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री की विधानसभा क्षेत्र में भाजपा सरकार का पुतला दहन कर विरोध जताया गया।


सोमवार को कांग्रेस जिला अध्यक्ष चिराग फर्त्याल के नेतृत्व में कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और खाली गैस सिलेंडरों के साथ सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान माहौल काफी गर्म रहा।


कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जिलेभर में गैस की भारी कमी बनी हुई है। लोगों को सिलेंडर लेने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें गैस उपलब्ध नहीं हो पा रही है।

उन्होंने कहा कि गैस किल्लत के कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। घरेलू जरूरतों के लिए लोगों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे उनकी दिक्कतें और बढ़ गई हैं।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार दोनों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार महंगाई और बेरोजगारी पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल रही है।

कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि जनता के मुद्दों पर सरकार पूरी तरह संवेदनहीन बनी हुई है और आम लोगों की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है।

कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही गैस की किल्लत दूर नहीं की गई तो कांग्रेस पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी। उन्होंने कहा कि चंपावत की जनता के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

