
लोकेशन – बाज़पुर
रिपोर्टर – विशेष शर्मा

बाजपुर में संयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्रीय आह्वान पर शहीद-ए-आज़म भगत सिंह की प्रतिमा के समक्ष साम्राज्यवाद के विरोध में सांकेतिक प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में किसान और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।


कार्यक्रम की शुरुआत शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। उपस्थित किसानों और नेताओं ने सुखदेव और राजगुरु को भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान को याद किया।


संयुक्त किसान मोर्चा के तत्वाधान में आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां के प्रदेश अध्यक्ष बल्ली सिंह चीमा और भूमि बचाओ मुहिम के संयोजक जगतार सिंह बाजवा ने संयुक्त रूप से किया।


इस दौरान किसानों ने साम्राज्यवाद और सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि किसानों और मजदूरों के अधिकारों पर लगातार हमला किया जा रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि शहीद भगत सिंह के विचार आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने कहा कि देश में बढ़ती आर्थिक असमानता और कॉरपोरेट नियंत्रण के खिलाफ संघर्ष जारी रखना समय की मांग है।

किसान नेताओं ने यह भी कहा कि जब तक किसानों और मजदूरों को उनके अधिकार नहीं मिलते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया और कहा कि यह लड़ाई लंबी है, लेकिन जीत किसानों की ही होगी।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने शहीदों के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया और उनके दिखाए रास्ते पर आगे बढ़ने की प्रतिबद्धता दोहराई।

