देहरादून में नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो तस्कर गिरफ्तार

देहरादून में नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो तस्कर गिरफ्तार

लोकेशन – विकासनगर
ब्यरो रिपोर्ट

देहरादून पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करों पर सख्त प्रहार किया है। सहसपुर और विकासनगर पुलिस ने अलग-अलग अभियानों में एक शातिर तस्कर और एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में स्मैक बरामद की है।

यह कार्रवाई मुख्यमंत्री के ‘ड्रग्स फ्री उत्तराखंड’ मिशन के तहत चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत की गई। पुलिस द्वारा जिलेभर में नशे के खिलाफ सघन चेकिंग और छापेमारी अभियान लगातार तेज किया जा रहा है।

सहसपुर पुलिस ने होरावाला रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास चेकिंग के दौरान आरोपी राकिब को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 6.31 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 2 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह लंबे समय से नशे के कारोबार में सक्रिय था। पुलिस अब उसके नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

वहीं दूसरी कार्रवाई में विकासनगर पुलिस ने कुंजा क्षेत्र में छापेमारी कर 50 वर्षीय महिला तस्कर रुखसाना को गिरफ्तार किया। महिला के पास से 14.58 ग्राम स्मैक, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और 5 हजार 150 रुपये नकद बरामद किए गए।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी महिला मजदूरी की आड़ में स्मैक बेचने का काम कर रही थी। पुलिस का कहना है कि वह स्थानीय स्तर पर नशे की सप्लाई में शामिल थी।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। अधिकारियों ने साफ किया कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और तस्करों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।