
स्थान : ज्योतिर्मठ (चमोली)
ब्यरो रिपोर्ट

पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से सूबे के पहाड़ी क्षेत्रों में पिछले 72 घंटों से लगातार बारिश और बर्फबारी जारी है। इस वजह से सीमांत क्षेत्रों में जन जीवन प्रभावित हुआ है।


चमोली जनपद में ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो रही है, जबकि निचले इलाकों में झमाझम बारिश जारी है। ठंडी हवाओं और शीतलहर के कारण तापमान में गिरावट आई है।

विशेषकर धौली गंगा और अलकनंदा घाटी में जन जीवन प्रभावित हुआ है। लोग सुबह से बारिश और बर्फबारी के बीच कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।


ज्योतिर्मठ नगर में भी सुबह से झमाझम बारिश जारी है। आसपास की पहाड़ियों में बर्फबारी होने से बर्फ की सफेद चादर बिछी नजर आ रही है।
बद्रीनाथ धाम में आज सुबह जबरदस्त हिमपात हुआ है। यहां करीब डेढ़ से दो फुट हिमपात होने की जानकारी मिली है।

इसके अलावा हेमकुंड साहिब, वैली ऑफ फ्लावर्स, चिनाप वैली, द्रोणागिरी, मलारी, नीति वैली, कुंवारी पास, गोरसों और औली तक हिमपात हुआ है।

मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के चलते पूरे ज्योतिर्मठ क्षेत्र में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है और लोग सर्दी से बचाव के लिए सतर्क रहें।

स्थानीय प्रशासन ने चेताया है कि बारिश और बर्फबारी के चलते सड़क मार्गों और पर्वतीय ट्रैक में फिसलन और खतरा बढ़ सकता है। आवश्यकतानुसार मार्ग बंद करने और सतर्कता बरतने की तैयारी की जा रही है।

