
आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से होगा और राजस्थान रॉयल्स अपनी शुरुआत 30 मार्च को चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ करेंगे। लेकिन सीजन शुरू होने से पहले टीम को बड़ा झटका लग सकता है।


सीजन से पहले चेन्नई सुपरकिंग्स से ट्रेड किए गए इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन ग्रोइन चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो सकते हैं। ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार करन के पूरे सीजन से बाहर होने की संभावना है।

सैम करन ने अपना आखिरी मैच 5 मार्च को भारत के खिलाफ खेला था। यह मुकाबला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में हुआ था, जिसमें भारत ने इंग्लैंड को 7 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश किया और खिताब जीता।


करन का आईपीएल डेब्यू इस सीजन राजस्थान रॉयल्स के लिए होना था। राजस्थान रॉयल्स ने करन और रवींद्र जडेजा को चेन्नई सुपरकिंग्स से ट्रेड किया था। करन की अनुपस्थिति से टीम को ऑलराउंडर की कमी खलेगी।

राजस्थान रॉयल्स के पास अब सिर्फ रवींद्र जडेजा और डोनोवन फरेरा के रूप में दो ऑलराउंडर बचे हैं। फरेरा को टीम ने दिल्ली कैपिटल्स से बेस प्राइस 1 करोड़ रुपये में ट्रेड किया था।

टीम अब सैम करन का रिप्लेसमेंट तलाशने में लगी है। करन ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत पंजाब किंग्स के साथ की थी और इसके बाद CSK का प्रतिनिधित्व किया। पिछले साल CSK के लिए उन्होंने 114 रन और 1 विकेट अपने नाम किए थे।
करन ने आईपीएल में छह सीजन खेलते हुए कुल 997 रन और 59 विकेट अपने नाम किए हैं। वे 2021 में खिताब जीतने वाली CSK का हिस्सा भी थे।


राजस्थान रॉयल्स का आगामी कार्यक्रम:
- 30 मार्च 2026 – राजस्थान बनाम चेन्नई, गुवाहाटी
- 4 अप्रैल 2026 – राजस्थान बनाम गुजरात, अहमदाबाद
- 7 अप्रैल 2026 – राजस्थान बनाम मुंबई, गुवाहाटी
- 10 अप्रैल 2026 – राजस्थान बनाम बेंगलुरु, गुवाहाटी
टीम की कप्तानी इस सीजन रियान पराग करेंगे और पहला मुकाबला गुवाहाटी में चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ खेला जाएगा।

