रुड़की में बढ़ती महंगाई और गैस कीमतों के विरोध में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन

रुड़की में बढ़ती महंगाई और गैस कीमतों के विरोध में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन

स्थान : रूड़की
ब्यरो रिपोर्ट

बढ़ती महंगाई और रसोई गैस सिलेंडर की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। आज रुड़की महानगर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में चंद्रशेखर चौक पर बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान प्रदर्शन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष कांग्रेस चौधरी राजेंद्र सिंह ने किया। उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों पर हमला बोलते हुए कहा कि रसोई गैस सिलेंडर के बढ़ते दाम आम जनता की कमर तोड़ रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने “संसद से नरेंद्र गायब, रसोई से सिलेंडर गायब” जैसे नारे लगाकर सरकार पर निशाना साधा।

प्रदर्शन के बाद सिविल लाइन स्थित चंद्रशेखर चौक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर विरोध जताया गया। राजेंद्र चौधरी ने कहा कि सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है और इसका सीधा असर गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों की रसोई पर पड़ रहा है।

प्रदेश महामंत्री सचिन गुप्ता ने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी अपने चरम पर हैं, लेकिन सरकार को आम जनता की परेशानियों की कोई चिंता नहीं है। उन्होंने मांग की कि घरेलू गैस सिलेंडर के दाम तुरंत कम किए जाएं और जरूरत पड़ने पर कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी।

धरना-प्रदर्शन के दौरान कुछ देर के लिए माहौल गरम हो गया, जब ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रही पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच कहासुनी हुई। कांग्रेस नेताओं ने पुलिस पर प्रदर्शन में दखल देने का आरोप लगाया।

वहीं, पुलिस ने स्पष्ट किया कि वह केवल ट्रैफिक और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर मौजूद थी। दोनों पक्षों के बीच बातचीत और स्थिति नियंत्रण के बाद माहौल सामान्य हो गया।

अंततः प्रदर्शन शांतिपूर्वक समाप्त हुआ, लेकिन महंगाई और गैस कीमतों के मुद्दे ने स्थानीय लोगों में नाराजगी और चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन और पुलिस ने चेताया कि सार्वजनिक स्थानों पर प्रदर्शनों में संयम बनाए रखना आवश्यक है।