
स्थान : पौड़ी
ब्यरो रिपोर्ट

पौड़ी जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति को पारदर्शी बनाए रखने और घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग पर रोक लगाने के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में प्रशासन और पूर्ति विभाग की टीमों ने व्यापक औचक निरीक्षण अभियान चलाया।


अभियान के दौरान कोटद्वार के लालबत्ती चौराहे पर एक पिकअप वाहन से 20 खाली व्यावसायिक गैस सिलेंडर और 15 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए। उपजिलाधिकारी संदीप कुमार के नेतृत्व में नायब तहसीलदार, बाट-माप निरीक्षक और क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी की संयुक्त टीम ने वाहन को पकड़कर सिलेंडरों को जब्त किया। मामले में वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है।


अभियान के तहत जिले के कुल 203 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इनमें 8 गैस गोदाम, 3 पेट्रोल पंप और 189 व्यावसायिक प्रतिष्ठान शामिल थे। जांच के दौरान अनियमितता मिलने पर दो मामलों में 4600-4600 रुपये का अर्थदंड लगाया गया और दो घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए।


श्रीनगर क्षेत्र में सीओ पुलिस अनुज कुमार, तहसीलदार दीपक भंडारी और पूर्ति निरीक्षक विवेक कैन्तुरा की संयुक्त टीम ने एक गैस गोदाम और दो व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान अवैध उपयोग में लाए जा रहे दो घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए।

चाकीसैंण क्षेत्र में पूर्ति निरीक्षक विजय डोभाल ने 16 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर दो मामलों में 4600 रुपये का अर्थदंड लगाया। वहीं कोट व खोलाचौरी क्षेत्र में पूर्ति निरीक्षक राकेश पंत ने 10 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया और दो मामलों में अर्थदंड लगाया।
जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि जिले की सभी गैस एजेंसियों में घरेलू गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है।

प्रशासन ने सभी व्यापारियों और उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अवैध गैस उपयोग में शामिल न हों। ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

