
स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

पथरी थाना क्षेत्र के बिशनपुर कुंडी गांव में होली के दौरान मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चलने लगे, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार होली खेलते समय किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई थी। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। इसके बाद मारपीट शुरू हो गई।


संघर्ष के दौरान लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला किया गया, जिसमें कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया।



घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों को गंभीर चोटें आई हैं, जिनका इलाज किया जा रहा है।

घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें करीब 50 से अधिक लोगों की भीड़ आपस में भिड़ती हुई दिखाई दे रही है। वीडियो में मारपीट के दौरान महिलाओं की मौजूदगी भी कैमरे में कैद हुई है।

घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।


