
स्थान : लालकुआँ
रिपोर्टर : मुन्ना अंसारी

होली के पर्व के दौरान लालकुआँ कोतवाली क्षेत्र में कई स्थानों पर अराजकता का माहौल देखने को मिला। बिंदुखत्ता क्षेत्र में दुकान खोलने के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई।


आरोप है कि कुछ लोगों ने घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिसमें एक युवक का अंगूठा कट गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।


जानकारी के अनुसार कांग्रेस एससी विभाग के कार्यकारी जिलाध्यक्ष रमेश कुमार के छोटे भाई और बिंदुखत्ता निवासी प्रेम प्रकाश ने कोतवाली लालकुआँ में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि होली के दिन वह अपने चाचा के घर मौजूद थे।



इसी दौरान क्षेत्र के कुछ दबंग किस्म के लोग वहां पहुंचे और जबरन दुकान खोलने का दबाव बनाने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।

आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले के दौरान घर में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और परिवार के लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

जब बीच-बचाव करने के लिए प्रेम प्रकाश के जमाई सागर अरोरा आगे आए तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। इस हमले में उनका अंगूठा कटकर अलग हो गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गए।


घायल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया और मेडिकल परीक्षण भी कराया गया। घटना के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में आक्रोश का माहौल है।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावर पहले से ही रंजिश रखते थे और सुनियोजित तरीके से हमला करने पहुंचे थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

