
स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

कनखल थाना क्षेत्र के रविदास मोहल्ले में होली के त्योहार के दौरान एक दर्जन से अधिक उपद्रवियों ने एक घर में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि हमलावरों ने त्योहार मना रहे परिवार पर हमला कर घर के अंदर तोड़फोड़ की और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की।


बताया जा रहा है कि उपद्रवियों ने घर में घुसते ही सामान को तहस-नहस कर दिया। घर में मौजूद महिलाओं और बच्चों को भी नहीं बख्शा गया। इस दौरान एक गर्भवती महिला के साथ भी बर्बर मारपीट की गई, जिससे परिवार के लोग दहशत में आ गए।



हमले के दौरान घर का सामान चकनाचूर कर दिया गया। उपद्रवियों ने घर के बाहर खड़ी स्कूटी को भी नुकसान पहुंचाया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।



घटना की पूरी करतूत घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वीडियो में कुछ लोग घर में घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

पीड़ित परिवार के मुखिया अशोक कुमार ने इस मामले में पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि हमलावरों ने बिना किसी कारण के उनके घर में घुसकर हमला किया और परिवार को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

