
स्थान : उत्तरकाशी

ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तरकाशी में रविवार को उत्तराखंड क्रांति दल के नए जिला कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला अध्यक्ष बिहारी लाल जगुड़ी ने किया। इस दौरान पार्टी की जिला कार्यकारिणी का विस्तार भी किया गया और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की घोषणा की गई।



उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे। जिला अध्यक्ष जगुड़ी ने कहा कि उत्तरकाशी की जनता यदि जनहित के मुद्दों पर संगठन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेगी, तो उत्तराखंड क्रांति दल जिले को आदर्श जिला बनाने के लिए संघर्ष करेगा।

उन्होंने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाना और उनके समाधान के लिए आंदोलन करना है। आपदाग्रस्त क्षेत्र होने के बावजूद उत्तरकाशी में मूलभूत सुविधाओं की कमी आज भी बनी हुई है।

कार्यक्रम में प्रदेश की केंद्रीय महामंत्री एवं महिला प्रकोष्ठ प्रभारी किरन रावत एडवोकेट ने कहा कि पार्टी दृढ़ संकल्प के साथ राष्ट्रीय दलों को उत्तरकाशी से विदा करने की दिशा में कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही पूरे जिले में भ्रमण कार्यक्रम आयोजित कर जनता के बीच पार्टी की नीतियों और विचारधारा को पहुंचाया जाएगा।

किरन रावत ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय दलों ने जिले को केवल आश्वासनों तक सीमित रखा है। आज भी लोग आपदा की मार, जंगली जानवरों के आतंक, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी, बेरोजगारी और अधूरे विकास कार्यों जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। इन सभी मुद्दों को लेकर व्यापक जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा।


पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष एवं आर्यन छात्र संगठन के संरक्षक तथा कार्यकारी जिला अध्यक्ष कुलदीप कलूड़ा ने कहा कि अब संगठन निर्माण का कार्य तेजी से शुरू किया जाएगा। जिला कार्यकारिणी का विस्तार कर उसे बूथ स्तर तक सक्रिय किया जाएगा, ताकि प्रत्येक गांव और वार्ड में पार्टी की मजबूत उपस्थिति हो।

उन्होंने कहा कि संगठन में मातृशक्ति और युवा शक्ति को विशेष महत्व दिया जाएगा। युवाओं को नेतृत्व की जिम्मेदारी देकर उन्हें राजनीतिक और सामाजिक बदलाव की मुख्यधारा में लाया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और उत्तरकाशी के विकास के लिए संघर्ष करने का संकल्प लिया। उद्घाटन समारोह को जिले में संगठन के पुनर्गठन और सक्रिय राजनीति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

