सितारगंज में होली और रमजान को देखते हुए पुलिस ने की शांति बनाए रखने की बैठक

सितारगंज में होली और रमजान को देखते हुए पुलिस ने की शांति बनाए रखने की बैठक

स्थान : सितारगंज

रिपोर्टर : तनवीर अंसारी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली सितारगंज में रमजान माह और आगामी होली के त्योहार को लेकर एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीएलजी सदस्यों, संभ्रांत नागरिकों और स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

बैठक का मुख्य उद्देश्य होली और रमजान के दौरान आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना था। कोतवाली पुलिस ने सभी उपस्थित लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार के विवाद से बचने की अपील की।

सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि होली के दिन रोजेदार ज्यादा समय तक घरों पर रहें, ताकि बाजारों में होली खेलते समय किसी प्रकार की अनचाही घटना न हो।

बैठक में यह भी कहा गया कि जो लोग होली खेलना चाहते हैं, वे सार्वजनिक और सुरक्षित स्थानों पर ही होली मनाएं। इस तरह से त्योहार का उल्लास तो रहेगा और शांति भी बनी रहेगी।

वरिष्ठ नागरिकों ने बताया कि सितारगंज एक कौमी गुलदस्ता है, जहाँ विभिन्न समुदाय आपस में एक-दूसरे के त्योहारों में भाग लेते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह भाईचारा हमेशा बना रहेगा।

कोतवाली पुलिस ने शहरवासियों से सहयोग करने की अपील की और चेताया कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि पुलिस, स्थानीय नागरिकों और सीएलजी के सहयोग से सभी त्योहारों के दौरान सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखने के लिए विशेष प्रयास करेगी।