
स्थान : काशीपुर
ब्यूरो रिपोर्ट


काशीपुर के महुआखेड़ागंज क्षेत्र में युवती मेहविश की गोली लगने से हुई मौत के मामले में आईटीआई थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा और खोखा कारतूस भी बरामद किया है।


पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर को महुआखेड़ागंज क्षेत्र में मेहविश की गोली लगने से मौत हो गई थी। घटना के बाद मृतका के परिजन फईम हुसैन की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर 11 सितंबर को आईटीआई थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।



मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ऊधमसिंह नगर अजय गणपति ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस की अलग-अलग टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही आरोपियों की तलाश शुरू की गई।



12 सितंबर को पुलिस को मुखबिर से आरोपियों के संबंध में सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अलीगंज रोड से पीपल गांव जाने वाले मार्ग पर राधास्वामी सत्संग के पास घेराबंदी कर तीन आरोपियों को पकड़ लिया।


पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साजिद, फिजा और सबीना के रूप में की है। तलाशी के दौरान साजिद के कब्जे से 12 बोर का एक अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद होने का दावा किया गया है। पुलिस के मुताबिक यही हथियार घटना में इस्तेमाल हुआ था।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि घटना के समय साजिद की छोटी बेटी और मेहविश के बीच कथित रूप से छीनाझपटी हो रही थी। इसी दौरान गोली चल गई, जो मेहविश को लगी। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसकी मौत हो गई।




पुलिस का कहना है कि घटना के बाद साजिद और उसकी बेटी फिजा ने फर्श पर पड़े खून के निशानों को मिटाने का प्रयास किया। साथ ही शव को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाकर घटनास्थल बदलने की कोशिश किए जाने की बात भी जांच में सामने आई है।

आईटीआई थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों को संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है और बरामद हथियार को साक्ष्य के रूप में कब्जे में लिया गया है।

