मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में 132 करोड़ की 39 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में 132 करोड़ की 39 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया

स्थान : हल्द्वानी

रिपोर्टर : संजय जोशी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में 39 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इन योजनाओं की कुल लागत 132 करोड़ 55 लाख 56 हजार रुपये है।

इसमें 23 योजनाओं का लोकार्पण 72 करोड़ 38 लाख और 16 योजनाओं का शिलान्यास 60 करोड़ 17 लाख 56 हजार रुपये की लागत से किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से नैनीताल जिले के विकास को नई गति मिलेगी।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार उत्तराखंड को विकसित राज्य बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है और लिए गए कई ऐतिहासिक निर्णय अन्य राज्यों के लिए प्रेरणा बन रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के साथ-साथ राज्य की संस्कृति और विरासत को भी संरक्षित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य की संस्कृति, विरासत और पवित्रता से किसी को भी खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।

लोकार्पण में शिप्रा नदी में 30 मीटर स्पान का मोटर पुल, राजकीय औद्योगिक संस्थान में टेक्नोलॉजी लैब, विभिन्न नलकूप निर्माण और जलजीवन मिशन के तहत 14 पेयजल योजनाएं शामिल थीं।

शिलान्यास की गई 16 प्रमुख योजनाओं में मोटर मार्ग, सड़क सुधार, भवन निर्माण, नशा मुक्ति केंद्र, सीवरेज निर्माण, पीसी कार्य और नहर कवरिंग कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी-काठगोदाम श्रोत एवं ट्रीटमेंट संवर्धन पेयजल योजना का भी भूमि पूजन किया, जिसकी कुल लागत 154.43 करोड़ रुपये है।

कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, विधायक मोहन सिंह बिष्ट, राम सिंह कैड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

साथ ही कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी., मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।