पनियाली में बाघ का आतंक: महिला की मौत, ग्रामीण नाराज

पनियाली में बाघ का आतंक: महिला की मौत, ग्रामीण नाराज

स्थान – हल्द्वानी

ब्यूरो रिपोट

हल्द्वानी से सटे ग्रामीण क्षेत्र पनियाली में एक बार फिर बाघ ने हमला कर एक महिला की जान ले ली। मृतका कमला फर्त्याल जंगल में मवेशी के लिए चारा लेने गई थी, तभी बाघ ने उन पर हमला किया और उन्हें जंगल की ओर घसीट कर मौत के घाट उतार दिया। शव काफी बुरी हालत में मिला।

स्थानीय ग्रामीणों ने घटना पर गहरी नाराजगी जताई और वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि मृतक महिला अपने मवेशी पालकर जीवन यापन करती थी और रोजाना जंगल जाकर चारा लेती थी। ऐसे में वन विभाग की लापरवाही को लेकर गुस्सा जाहिर किया गया।

सूचना मिलने पर हल्द्वानी एसडीएम प्रमोद कुमार और वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने बताया कि महिला का शव रिकवर कर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

यह घटना रामनगर वन प्रभाग के फतेहपुर रेंज की है। वन विभाग ने आसपास के क्षेत्र में कांबिंग शुरू कर दी है और कैमरे लगाए जा रहे हैं। विभाग बाघ को आदमखोर घोषित करने की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी कर रहा है और रिपोर्ट जल्द भेजी जाएगी।

स्थानीय लोग वन विभाग से बाघ को आदमखोर घोषित करने और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए कड़े कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।

एसडीएम और वन विभाग ने कहा कि जल्द ही जांच पूरी कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष टीमों को तैनात किया जाएगा।

इस घटना से ग्रामीणों में भय और सुरक्षा को लेकर असंतोष की लहर फैल गई है।