
स्थान – बनबसा (टनकपुर)

ब्यूरो रिपोट

आर्मी रिक्रूटमेंट ऑफिस Army Recruitment Office Pithoragarh से प्राप्त जानकारी के अनुसार कुमाऊं मंडल के पिथौरागढ़ और चम्पावत जनपद के अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर भर्ती रैली के अंतर्गत ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा 27 फरवरी 2026 से 05 मार्च 2026 तक बनबसा मिलिट्री स्टेशन में आयोजित की जाएगी। यह आयोजन मुख्यालय भर्ती क्षेत्र (उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड) के अधीन संपन्न होगा।


इस भर्ती प्रक्रिया में अग्निवीर की विभिन्न श्रेणियों—सामान्य ड्यूटी, लिपिक/स्टोरकीपर टेक्नीशियन, तकनीकी तथा ट्रेड्समैन (आठवीं एवं दसवीं उत्तीर्ण)—के लिए 4000 से अधिक ऑनलाइन परीक्षा में शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे। भर्ती को पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।


भर्ती कार्यालय द्वारा सभी अभ्यर्थियों को रैली स्थल पर अनिवार्य रूप से आवश्यक दस्तावेज साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं। इनमें हाईस्कूल व इंटरमीडिएट अंकपत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), एनसीसी प्रमाण पत्र, संबंध प्रमाण पत्र, राज्य/राष्ट्रीय खेल प्रमाण पत्र, अविवाहित प्रमाण पत्र तथा चरित्र प्रमाण पत्र शामिल हैं।


सभी शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थियों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर सामूहिक संदेश के माध्यम से आवश्यक दिशा-निर्देश भेजे गए हैं। साथ ही अभिलेख सत्यापन प्रक्रिया तथा “क्या करें और क्या न करें” विषय पर एक यूट्यूब वीडियो लिंक भी जारी किया गया है, ताकि प्रक्रिया पूरी तरह स्पष्ट और पारदर्शी रहे।

कार्यालय ने अभ्यर्थियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे किसी भी प्रकार की प्रदर्शन क्षमता बढ़ाने वाली प्रतिबंधित वस्तुओं का सेवन न करें और किसी दलाल या एजेंट के झांसे में न आएं। भारतीय सेना में चयन प्रक्रिया पूर्णतः निष्पक्ष और पारदर्शी होने की बात दोहराई गई है।

09 फरवरी 2026 को जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित संयुक्त सिविल–मिलिट्री समन्वय बैठक में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी को कार्यक्रम का नोडल अधिकारी नामित किया तथा उपजिलाधिकारी टनकपुर अनुराग आर्य को भर्ती स्थल का संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक प्रशासनिक सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी ने बताया कि 27 व 28 फरवरी को पिथौरागढ़ के लगभग 2500 तथा 01 से 03 मार्च तक चम्पावत के लगभग 1500 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। अतिरिक्त बसों की व्यवस्था, पेयजल टैंकर, सफाई कर्मियों की तैनाती, एम्बुलेंस सेवा, विद्युत आपूर्ति और चिकित्सकीय दल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस अवसर पर कर्नल राहुल मेलगे, एआरटीओ सुरेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

