
स्थान – ऊधम सिंह नगर

ब्यूरो रिपोट

रुद्रपुर में बुधवार रात एक कबाड़ गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने तुरंत कार्रवाई शुरू की।


घटना रुद्रपुर के शिमला बहादुर, फूलसूंगा क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां कबाड़ के एक बड़े गोदाम में अचानक आग भड़क उठी। स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।


अग्निशमन अधिकारी महेश चंद के नेतृत्व में फायर यूनिट तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। आग की भयावहता को देखते हुए अतिरिक्त संसाधन भी जुटाए गए।


स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रुद्रपुर और पंतनगर फायर स्टेशन से अतिरिक्त दमकल यूनिटों को बुलाया गया। कुल तीन फायर यूनिटों ने मिलकर आग बुझाने का अभियान चलाया।

करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा लेने से आसपास के अन्य गोदामों और मकानों को नुकसान होने से बचा लिया गया।

प्राथमिक जांच में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या ज्वलनशील कबाड़ सामग्री के कारण आग तेजी से फैली हो सकती है।
फिलहाल पुलिस और अग्निशमन विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि ज्वलनशील सामग्री के भंडारण में सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखें, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

