
स्थान : भीमताल

ब्यूरो रिपोर्ट

भीमताल विधानसभा क्षेत्र के रामगढ़ ब्लॉक अंतर्गत प्यूड़ा निगराड़ से सूड तक मोटर मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण कार्य को मंजूरी मिल गई है। क्षेत्रीय विधायक राम सिंह कैड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस सड़क का निर्माण पूर्व में राज्य योजना के अंतर्गत कराया गया था, लेकिन डामरीकरण न होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।


विधायक कैड़ा ने कहा कि बरसात के दिनों में सड़क की स्थिति अत्यंत खराब हो जाती थी, जिससे किसानों को अपना उत्पाद हल्द्वानी तक पहुंचाने में दिक्कतें आती थीं। ग्रामीणों द्वारा लगातार मोटर मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण की मांग की जा रही थी।


उन्होंने बताया कि प्यूड़ा निगराड़ से सूड तक मोटर मार्ग के डामरीकरण और सुधार कार्य के लिए पीएमजीएसवाई फेज-4 के अंतर्गत प्रस्ताव भेजा गया था। अब इस कार्य हेतु 4 करोड़ 7 लाख रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है और टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। जल्द ही सड़क पर सुधारीकरण एवं डामरीकरण का कार्य प्रारंभ किया जाएगा।

विधायक कैड़ा ने कहा कि सड़क के सुधरने से क्षेत्र के किसानों, विद्यार्थियों और आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा तथा आवागमन सुगम होगा।


इस दौरान विधायक ने रामगढ़ और धारी ब्लॉक के विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। विधायक ने आश्वासन दिया कि क्षेत्र के विकास और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।


