लोहाघाट में धूमधाम से निकली भव्य शिव बारात, हजारों श्रद्धालु शामिल

लोहाघाट में धूमधाम से निकली भव्य शिव बारात, हजारों श्रद्धालु शामिल

स्थान : लोहाघाट चंपावत

ब्यूरो रिपोर्ट

महाशिवरात्रि पर्व पर रविवार को लोहाघाट नगर में आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह श्रद्धालुओं ने रिकेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की।

दोपहर बाद श्री राम सेवा सांस्कृतिक रामलीला कमेटी के अध्यक्ष जीवन मेहता के दिशा-निर्देशन में सर्वदेव मंदिर हथरंगिया से रिकेश्वर महादेव मंदिर तक भव्य शिव बारात निकाली गई। ढोल-नगाड़ों और छोलिया नर्तकों के साथ निकली शिव बारात में सैकड़ों शिव भक्त शामिल हुए। नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्प और अक्षत चढ़ाकर बारात का स्वागत किया।

शिव बारात मीना बाजार, राम मंदिर खड़ी बाजार और स्टेशन बाजार से होते हुए पुनः रिकेश्वर महादेव मंदिर पहुंची, जहां महादेव की पूजा-अर्चना के बाद कार्यक्रम का समापन हुआ। इस दौरान ग्राम सभा पाटन-पाटनी की महिलाओं ने मंदिर प्रांगण में पारंपरिक कुमाऊनी खड़ी होली का मधुर गायन कर माहौल को भक्तिमय बना दिया।

महाशिवरात्रि के अवसर पर नगर के रेन बसेरा मैदान में विशाल मेले का भी आयोजन किया गया। मेले में बरेली, मुरादाबाद, लखीमपुर, हल्द्वानी और रुद्रपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए व्यापारियों के साथ स्थानीय व्यापारियों ने भी आकर्षक दुकानें सजाईं। हजारों लोगों ने मेले का आनंद लेते हुए जमकर खरीदारी की। अच्छा व्यापार होने से व्यापारियों के चेहरे खिले नजर आए।

सुरक्षा व्यवस्था के लिए थाना अध्यक्ष अशोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। महिलाओं और बच्चों ने शिव बारात और मेले का भरपूर आनंद उठाया।

कार्यक्रम के अंत में कमेटी अध्यक्ष जीवन मेहता ने सभी सहयोगियों और नगरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अगले वर्ष शिव बारात को और अधिक भव्य रूप में आयोजित किया जाएगा।