22 अप्रैल को खुलेंगे केदारनाथ धाम के कपाट, तिथि की घोषणा ऊखीमठ में

22 अप्रैल को खुलेंगे केदारनाथ धाम के कपाट, तिथि की घोषणा ऊखीमठ में

स्थान : ऊखीमठ रुद्रप्रयाग

ब्यूरो रिपोर्ट

विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट आगामी 22 अप्रैल को वृष लग्न में प्रातः 8 बजे विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। कपाट खुलने की तिथि की घोषणा पंचकेदार गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में पंचांग गणना के बाद की गई।

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में केदारनाथ के जगद्गुरु रावल भीमाशंकर लिंग की मौजूदगी में आचार्य स्वयंवर सेमवाल ने पंचांग गणना के अनुसार तिथि निर्धारित की। इसके पश्चात मंदिर समिति, पंच पुजारियों, हक-हकूकधारियों, तीर्थ पुरोहितों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में विधिवत घोषणा की गई।

कार्यक्रम के अनुसार 18 अप्रैल को भगवान भैरवनाथ की पूजा-अर्चना की जाएगी। 19 अप्रैल को भगवान श्री केदारनाथ की पंचमुखी चल उत्सव विग्रह डोली अपने शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ से केदारनाथ धाम के लिए प्रस्थान करेगी। 19 अप्रैल को डोली फाटा में तथा 20 अप्रैल को गौरीकुंड में रात्रि विश्राम करेगी। 21 अप्रैल को डोली केदारनाथ धाम पहुंचेगी और 22 अप्रैल को प्रातः 8 बजे कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।

इस अवसर पर केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, मंदिर समिति अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण, मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल, ऐश्वर्या रावत, त्रिभुवन चौहान, ब्लॉक प्रमुख पंकज शुक्ला, नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण, केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, व्यापार संघ अध्यक्ष राजीव भट्ट, कनिष्ठ प्रमुख प्रदीप त्रिवेदी, जिला पंचायत सदस्य अमित मैखंडी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कपाटोद्घाटन की घोषणा के साथ ही श्रद्धालुओं में उत्साह की लहर दौड़ गई है और चारधाम यात्रा की तैयारियां तेज हो गई हैं।