सुनकिया मेले का भव्य शुभारंभ, विधायक राम सिंह कैड़ा ने किया उद्घाटन

सुनकिया मेले का भव्य शुभारंभ, विधायक राम सिंह कैड़ा ने किया उद्घाटन

स्थान : भीमताल

ब्यूरो रिपोर्ट

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर धारी ब्लॉक के सुनकिया क्षेत्र में आयोजित पारंपरिक मेले का शुभारंभ भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने विधिवत रूप से किया। इस अवसर पर स्थानीय महिलाओं और ग्रामीणों ने पारंपरिक पहाड़ी संस्कृति और रीति-रिवाजों के साथ मेले को भव्य रूप दिया।

मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। दूर-दूर से हजारों शिव भक्त पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।

इस अवसर पर विधायक राम सिंह कैड़ा ने कहा कि मंदिर के विकास और क्षेत्र को पर्यटन से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि सुनकिया मेले को आने वाले वर्षों में और अधिक भव्य और व्यवस्थित रूप दिया जाएगा, ताकि यह क्षेत्र की पहचान बन सके।

विधायक कैड़ा ने मंदिर के सौंदर्यकरण, पेयजल और विद्युत व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों से अपील की कि मेले को सफल बनाने में अपना सहयोग दें। क्षेत्र के लोगों ने विधायक का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उनके प्रयासों के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस दौरान मंदिर समिति के अध्यक्ष, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में शिव भक्त और ग्रामीणजन उपस्थित रहे। महाशिवरात्रि के इस आयोजन ने क्षेत्र में सांस्कृतिक एकता और आस्था की मिसाल पेश की।