पिरान कलियर दरगाह में हुड़दंग से बिगड़ा माहौल, वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप

पिरान कलियर दरगाह में हुड़दंग से बिगड़ा माहौल, वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप

स्थान : रूड़की
ब्यूरो रिपोर्ट

रुड़की स्थित विश्व प्रसिद्ध पिरान कलियर दरगाह में हाल के दिनों में हुड़दंग और मारपीट की घटनाएं सामने आने से दरगाह की पवित्रता पर सवाल खड़े हो गए हैं। दरगाह परिसर के अंदर झगड़े और अराजकता से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई है।

वायरल वीडियो में कुछ असामाजिक, शरारती और नशे की हालत में दिख रहे तत्व आपस में मारपीट करते नजर आ रहे हैं। आरोप है कि ऐसे तत्वों की बढ़ती सक्रियता के कारण दरगाह का शांत और धार्मिक माहौल लगातार बिगड़ता जा रहा है। इससे न केवल दरगाह की गरिमा प्रभावित हो रही है, बल्कि वहां आने वाले अकीदतमंदों की आस्था को भी ठेस पहुंच रही है।

स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं का कहना है कि पिरान कलियर दरगाह में रोजाना सैकड़ों लोग मन्नतें लेकर पहुंचते हैं। कई परिवार महिलाएं और बच्चों के साथ भी आते हैं, लेकिन हालिया घटनाओं के बाद उनमें डर का माहौल बना हुआ है। लोगों का आरोप है कि सुरक्षा इंतजाम नाकाफी हैं और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है।

इन घटनाओं को लेकर प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय निवासियों और दरगाह से जुड़े लोगों ने पुलिस-प्रशासन से मांग की है कि दरगाह परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया जाए, सीसीटीवी निगरानी बढ़ाई जाए और शरारती तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

वहीं पुलिस और प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्थिति पर नजर बनाए रखने का दावा किया है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और दरगाह परिसर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि धार्मिक स्थल की पवित्रता से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।