चौखुटिया में क्षेत्र पंचायत बैठक, विकास से जुड़े मुद्दों पर हुआ मंथन

चौखुटिया में क्षेत्र पंचायत बैठक, विकास से जुड़े मुद्दों पर हुआ मंथन

स्थान : उत्तरकाशी
ब्यूरो रिपोर्ट

विकासखंड चौखुटिया के सभागार में आयोजित क्षेत्र पंचायत की बैठक में क्षेत्र के सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं, सुझाव और अपेक्षाएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।

बैठक के दौरान ग्राम प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित पेयजल योजनाओं की प्रगति पर चर्चा करते हुए शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण कर ग्रामीणों को नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। इस पर अधिकारियों ने बताया कि संबंधित विभागों को लंबित कार्यों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए जा चुके हैं।

इसके अलावा ग्रामीण सड़कों की बदहाल स्थिति, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और शिक्षा से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ। जनप्रतिनिधियों ने क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधारीकरण तथा स्वास्थ्य केंद्रों में सुविधाएं बढ़ाने पर जोर दिया, ताकि आम जनता को बेहतर सेवाएं मिल सकें।

बैठक की विशेष बात यह रही कि महिला ग्राम प्रधानों और महिला क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य तथा महिला एवं शिशु कल्याण से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया। उन्होंने योजनाओं के बेहतर जमीनी क्रियान्वयन पर बल दिया।

प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अमजद खान ने जानकारी दी कि उपजिला चिकित्सालय चौखुटिया को तीन विशेषज्ञ चिकित्सक मिल चुके हैं और ऑपरेशन थिएटर को सुदृढ़ करने की प्रक्रिया भी प्रगति पर है, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

विधायक प्रतिनिधि नंदन सिंह मेहरा ने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रों के निर्गमन में आ रही समस्याओं का मुद्दा उठाया, जिस पर मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। वहीं क्षेत्र पंचायत सदस्य सिमलखेत कविता नेगी ने सिमलखेत में एएनएम सेंटर स्थापित किए जाने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।

ब्लॉक प्रमुख चेतना नेगी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने कहा कि जन समस्याओं का समाधान, पारदर्शी व्यवस्था और गुणवत्तापरक सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनके विभाग से जुड़े सभी प्रस्तावों पर त्वरित कार्रवाई की जाए।

बैठक में ब्लॉक प्रमुख चेतना नेगी, ज्येष्ठ प्रमुख जितेंद्र बंगारी, कनिष्ठ प्रमुख सुप्रिया, परियोजना निदेशक के.एन. तिवारी, जिला पंचायतराज अधिकारी राजेंद्र गुंज्याल, तहसीलदार तितिक्षा जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।