कांग्रेस के पोस्टर पर सियासी संग्राम, भाजपा विधायक विनोद चमोली का पलटवार

कांग्रेस के पोस्टर पर सियासी संग्राम, भाजपा विधायक विनोद चमोली का पलटवार

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

प्रदेश कांग्रेस पार्टी द्वारा अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर जारी किए गए एक पोस्टर ने सियासी हलकों में हलचल मचा दी है। पोस्टर में प्रदेश भाजपा को “भ्रष्ट जुमला पार्टी” बताया गया है, जिसके बाद प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। कांग्रेस के इस हमले पर भाजपा की ओर से भी कड़ा जवाब सामने आया है।

इसी क्रम में भाजपा विधायक विनोद चमोली ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि केंद्र की राजनीति में कांग्रेस के तीन बड़े नेता इस समय जमानत पर बाहर रहकर राजनीतिक गतिविधियां चला रहे हैं।

विनोद चमोली ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी खुद भ्रष्टाचार में लिप्त रही है और प्रदेश कांग्रेस के कई बड़े नेताओं के उदाहरण इसका प्रमाण हैं।

भाजपा विधायक ने कहा कि केंद्र से लेकर प्रदेश स्तर तक कांग्रेस के अधिकांश नेता किसी न किसी रूप में भ्रष्टाचार के मामलों से जुड़े रहे हैं। यही कारण है कि कांग्रेस के कई नेताओं पर ईडी और सीबीआई जैसी जांच एजेंसियों की कार्रवाई भी हो चुकी है। ऐसे में कांग्रेस द्वारा भारतीय जनता पार्टी को भ्रष्ट बताना पूरी तरह गलत और भ्रामक है।

विनोद चमोली ने कहा कि कांग्रेस पहले अपने गिरेबान में झांके और अपने नेताओं पर लगे आरोपों का जवाब दे, उसके बाद भाजपा पर सवाल उठाए। उन्होंने कांग्रेस के सोशल मीडिया पोस्टर को केवल राजनीतिक ध्यान भटकाने की कोशिश बताया।

वहीं कांग्रेस के इस पोस्टर के बाद प्रदेश की राजनीति में सियासी बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं। दोनों ही दल एक-दूसरे पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए आमने-सामने आ गए हैं, जिससे आने वाले दिनों में राजनीतिक माहौल और गरमाने की संभावना जताई जा रही है।