
स्थान – नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट
जनपद को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन के तहत पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों को नशा तस्करों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।


इसी क्रम में एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कत्याल के दिशा-निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी लालकुआं दीपशिखा अग्रवाल के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक लालकुआं ब्रजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में लालकुआं पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की।

पहले मामले में हल्दूचौड़ क्षेत्र में गश्त और चेकिंग के दौरान पुलिस ने हल्दूचौड़ गौला गेट के पास से साहिल भानु सागर पुत्र रामअवतार सागर, निवासी वार्ड नंबर-01 नई बस्ती, कोतवाली लालकुआं, उम्र 19 वर्ष को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 94 पाउच अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। इस संबंध में कोतवाली लालकुआं में एफआईआर संख्या 24/26 दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है।

दूसरे मामले में देवरामपुर गौला गेट तिराहा, हल्दूचौड़ क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति के कब्जे से 100 पाउच अवैध कच्ची शराब से भरा कट्टा बरामद किया गया। पुलिस टीम को देखते ही आरोपी मौके से फरार हो गया।

फरार आरोपी की पहचान विक्रम सिंह बुगला उर्फ बल्ली, निवासी इन्द्रानगर-1 बिंदुखत्ता, लालकुआं के रूप में हुई है। उसके खिलाफ कोतवाली लालकुआं में एफआईआर संख्या 25/26 आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज कर ली गई है। पुलिस टीम द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास लगातार जारी हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशा मुक्त देवभूमि अभियान के तहत ऐसे अभियानों को आगे भी सख्ती से जारी रखा जाएगा और नशा तस्करों के खिलाफ किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।


