
स्थान – विकासनगर
ब्यूरो रिपोर्ट
पछुआ दून क्षेत्र का शांत माने जाने वाला शहर विकासनगर इन दिनों चर्चाओं में है। देर रात नशे की हालत में युवकों ने शहर में जमकर उत्पात मचाया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आरोप है कि नशेड़ियों ने राह चलते लोगों के साथ मारपीट की और कुछ लोगों को चोटिल कर दिया।


जानकारी के अनुसार, डाकपत्थर रोड पर युवकों ने दुकानों के बाहर रखा सामान भी क्षतिग्रस्त कर दिया। अचानक हुए इस हंगामे से बाजार क्षेत्र में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और नशे में धुत युवकों को काबू में कर बाजार चौकी ले जाया गया।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवकों ने नशे के प्रभाव में राहगीरों से भी झगड़ा किया और मारपीट की घटनाओं को अंजाम दिया। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में बाजार चौकी पहुंच गए।


जिन लोगों के साथ मारपीट की गई, उन्होंने युवकों के खिलाफ पुलिस चौकी में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे।


