
स्थान – देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

माननीय मुख्यमंत्री उत्तराखंड के ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF श्री नवनीत भुल्लर के निर्देश पर STF (एंटी नार्कोटिक्स) कुमाऊं यूनिट ने पूरे प्रदेश में कड़ी निगरानी रखते हुए नशे के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है।


इसी क्रम में CO श्री परवेज अली के निर्देशन और प्रभारी निरीक्षक STF (एंटी नार्कोटिक्स) कुमाऊं यूनिट पावन स्वरूप के नेतृत्व में, उत्तराखंड STF की एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स ने कोतवाली किच्छा क्षेत्र में स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई की। इस दौरान एक अभियुक्त के कब्जे से कुल 1 किलो 33 ग्राम हेरोइन बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 10 लाख रुपये बताई जा रही है।


गिरफ्तार अभियुक्त सहनवाज ने पूछताछ में बताया कि उसने यह हेरोइन बरेली निवासी “भइया” नामक व्यक्ति से खरीदी थी और वह इसे हरजिंदर नामक व्यक्ति को बेचने जा रहा था। पुलिस के अनुसार सहनवाज उर्फ मामू कुमाऊं क्षेत्र में हेरोइन का बड़ा सप्लायर माना जाता है। ड्रग पैडलरों के बीच उसकी सप्लाई की जाने वाली हेरोइन की काफी मांग थी, क्योंकि यह उच्च शुद्धता की बताई जाती है। इसी वजह से कुमाऊं के नशा तस्करों की यह पहली पसंद मानी जाती थी।

बताया गया है कि STF एंटी नार्कोटिक्स यूनिट पिछले दो वर्षों से सहनवाज पर नजर बनाए हुए थी। जांच में यह भी सामने आया है कि सहनवाज बरेली के भइया से हेरोइन खरीदता था और अक्सर भइया की ओर से एक युवक डिलीवरी के लिए आता था, जिसकी पहचान अभियुक्त नहीं जानता। हालांकि, उपलब्ध फोटो के आधार पर उसकी पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
STF एंटी नार्कोटिक्स यूनिट द्वारा भइया और उसके डिलीवरी एजेंट की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि सहनवाज की गिरफ्तारी नशा मुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत एक बड़ी सफलता है, जिससे कुमाऊं क्षेत्र में हेरोइन की सप्लाई पर प्रभावी अंकुश लगेगा।

